नवग्रहों में सबसे श्रेष्ठ शनि देव को माना जाता है और उन्हें न्याय का देवता कहा जाता है। वो कर्मफल दाता हैं और भक्तों को उनके अच्छे व बुरे कर्मों के अनुसार ही फल देते हैं।
ज्योतिष में ऐसा माना जाता है कि जिन लोगों की कुंडली में शनि शुभ स्थिति में मौजूद होते हैं वो ज्यादा मेहनत किए बिना भी सफलता हासिल कर लेते हैं।
ऐसे ही कुंडली में शनि का ग्यारहवें भाव में होना किसी भी व्यक्ति की किस्मत बदल सकता है। लोग शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए कई तरह के उपाय आजमाते हैं जैसे मंदिर में सरसों का तेल चढ़ाना, पीपल के पास दीपक जलाना और दान-पुण्य करना।
ऐसा माना जाता है कि यदि शनि आपकी कुंडली में शुभ स्थिति में होते हैं तो हमेशा आपको इसके अच्छे फल ही मिलते हैं, वहीं नाराज शनि आपको समस्याओं में भी डाल सकते हैं। शनि के कुंडली में शुभ स्थिति में होने पर कुछ संकेत नजर आने लगते हैं जो व्यक्ति की किस्मत बदल सकते हैं। आइए जानें उनेक बारे में यहां।
अचानक धन लाभ होता है
अगर शनि आपके ऊपर मेहरबान होते हैं तो इसका सीधा असर आपके जीवन में दिखाई देता है। ऐसी स्थिति में आपको धन लाभ होने लगता है और व्यक्ति की आर्थिक दशा भी अच्छी बनी रहती है। इसके प्रभाव से व्यक्ति को किसी भी कारण से अचानक धन लाभ होने लगता है और पुराना फंसा हुआ पैसा भी वापस मिल जाता है।
मान-सम्मान बढ़ने लगता है
कुंडली में मौजूद शुभ शनि देव हमेशा व्यक्ति के जीवन में मान-सम्मान को बढ़ाते हैं। जब शनि शुभ अवस्था में होते हैं तो व्यक्ति को अपना खोया हुआ मान-सम्मान भी मिलने लगता है और किसी भी परिस्थिति में उसे आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
उम्मीद से ज्यादा मिलना
जब कुंडली में शनि शुभ होते हैं तब व्यक्ति को अपनी उम्मीदों से ज्यादा फल मिलने लगते हैं। कई बार व्यक्ति थोड़े की इच्छा करता है और उसे जरूरत से ज्यादा लाभ मिल जाता है।
ऐसे व्यक्ति को नौकरी में भी लाभ मिलते हैं और प्रमोशन के योग बनते हैं। कम मेहनत में भी ज्यादा फल मिलना कुंडली में अच्छे शनि का ही संकेत होता है। वहीं यदि शनि देव नाराज होते हैं तो लोगों का जीवन बर्बाद हो सकता है और उन्हें अपनी मेहनत का फल भी नहीं मिलता है।
विवाह में आने वाली देरी से मुक्ति मिलती है
कई बार शनि के प्रसन्न होने पर विवाह में होने वाली देरी से भी मुक्ति मिलती है और आपको अच्छा जीवनसाथी मिल सकता है। शुभ शनि अपने भक्तों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद भी देते हैं और जीवन की सभी बाधाओं को दूर करने में मदद करते हैं।
वास्तव में यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शनि शुभ अवस्था में होते हैं तो वो रंक को भी राजा बना सकते हैं और जीवन की सभी चुनौतियों से बाहर निकलने में मदद करते हैं।



