भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की पावन भूमि मथुरा-वृन्दावन न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भी भारत के सबसे पवित्र स्थलों में गिनी जाती है। यहां की हर गली, हर मंदिर, हर घाट राधा-कृष्ण की भक्ति में समाई है। खासकर होली के समय यहां की रौनक देखने के लायक होती है।
भक्तों का मानना है कि यहां आने से केवल शरीर ही नहीं, आत्मा भी शुद्ध हो जाती है। अगर आप भी भगवान के दर्शन कर मन को शांति और आत्मा को सुकून देना चाहते हैं, तो मथुरा-वृन्दावन की ये प्रमुख जगहें आपकी यात्रा को खास बना देंगी। तो आइए जानते हैं इनके बारे में-
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर (मथुरा)
यह वह स्थान है जहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कारागार में हुआ था। मंदिर का गर्भगृह आज भी उस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था और भव्यता श्रद्धालुओं को गहरी श्रद्धा से भर देती है।
द्वारकाधीश मंदिर (मथुरा)
मथुरा के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित मंदिरों में से एक, यह मंदिर भगवान श्रीकृष्ण को उनके राजा स्वरूप ‘द्वारकाधीश’ के रूप में समर्पित है। यहां की भव्य आरती और सजावट भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देती है।
बांके बिहारी मंदिर (वृन्दावन)
यह मंदिर वृन्दावन की शान है। भगवान कृष्ण को यहां बाल स्वरूप में पूजा जाता है, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए भक्त घंटों इंतजार करते हैं। ‘झांकी दर्शन’ की परंपरा इसे विशेष बनाती है।
प्रेम मंदिर (वृन्दावन)
सफेद संगमरमर से बना यह भव्य मंदिर राधा-कृष्ण के प्रेम की अमर गाथा को दर्शाता है। रात के समय मंदिर में रंग-बिरंगी लाइटिंग और झांकियां अद्भुत अनुभव कराती हैं।
इस्कॉन मंदिर (वृन्दावन)
हरे कृष्ण आंदोलन का प्रमुख केंद्र, यह मंदिर शांत वातावरण, नियमित कीर्तन और प्रवचनों के लिए काफी फेसम है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु भक्ति की तलाश में आते हैं।
विश्राम घाट (मथुरा)
यह घाट यमुना नदी के तट पर स्थित है, जहां श्रीकृष्ण ने कंस वध के बाद विश्राम किया था। यहां होने वाली यमुना आरती और नौका विहार आत्मा को सुखद अनुभव देता है।
निधिवन (वृन्दावन)
निधिवन अपनी रहस्यमयी शक्ति और श्रीकृष्ण-राधा की रासलीला के लिए फेमस है। मान्यता है कि सूर्यास्त के बाद यहां कोई नहीं रुकता, क्योंकि रात में रासलीला होती है। यहां का आध्यात्मिक वातावरण बेहद मोहक होता है। इन सात स्थलों की यात्रा भक्ति, इतिहास और दिव्यता से भरी होती है, जो मन को सुकून और आत्मा को आनंद से भर देती है।

